
“फिल्म आलोचक धीरे धीरे अपनी विश्वसनियता खोते जा रहे हैं। अब कोई भी इनकी बातों को नहीं सुनता है और न ही इनकी सलाह पर फिल्म देखने या न देखने का फैसला करता है।” ये बात सलमान खान ने मुझसे एक लाइव इंटरव्यू के दौरान कही। दरअसल सलमान के मुताबिक उनकी फिल्म वीर ने पहले हफ्ते में ही तकरीबन 40 करोड़ का व्यवसाय किया है जो फिल्म को कामयाब बताता है। उन्होने ये भी कहा की वो चाहते है कि फिल्म समीक्षकों की भूमिका बनी रहे और उनकी राय को सम्मान भी मिले लेकिन उसके लिए निष्पक्ष राय देने की ज़रुरत है। हालांकि जब मैंने सलमान से पूछा की कई दर्शकों की भी यही राय है की फिल्म से जितनी उम्मीदें थी वो उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई तो सलमान का जवाब था की उनके इनपुट्स अलग हैं। उनके मुताबिक फिल्म को नकारात्मक पब्लिसिटी दी जा रही है जबकी हकीकत में फिल्म को दर्शक पसंद कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने ये भी कहा की वो खुद फिल्म के ब्लॉग और न्यूज़ चैनल पर आने वाली दर्शकों की राय को पढ़ते और सुनते हैं।
हालांकि सलमान की बातों में ये बात भी साफ झलक रही थी की फिल्म बिल्कुल वैसी नहीं बनी जैसी वो चाह रहे थे ख़ासकर फिल्म की लंबाई को लेकर निर्देशक अनिल शर्मा और उनके बीच मतभेद को भी उन्होंने इस बातचीत में स्वीकार किया। फिल्म 3 ईडियट्स की तरह वीर के डॉयलाग्स पर भी गुड़गाव में रहने वाले एक लेखक के दावे के बाद परवान चढ़े विवाद पर सलमान ने कोई जवाब नहीं दिया एक जोरदार हंसी के साथ उन्होंने कहा उन्हे मुबारक है।
खैर विवाद फिल्म के भले के लिए है या लेखक के भले के लिए ये बहस का अलग मुद्दा है एक बात तो स्पष्ट है कि तमाम आलोचनाओं के बावजूद सलमान वीर पर फ्लॉप का धब्बा नहीं लगने देना चाहते हैं। फिर चाहे फिल्म क्रिटिक्स के माथे इसकी नकारात्मक पब्लिसिटी का ठीकरा फोड़ना हो या फिर फिल्म के रिलीज़ के एक हफ्ते बाद भी मीडिया में इसकी कामयाबी की कोशिश करना हो। दरअसल सलमान अभी तक फिल्म के रिलीज़ के पहले ही मिडिया की पकड़ में आते थे लेकिन एक ऐसी फिल्म जिसे उन्होंने अपने जीवन का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताया थे उसे वो फ्लॉप होते नहीं देख सकते। इंतज़ार इस बात का करना होगा की इस प्रयास को और पुख्ता करने के लिए वे आगे क्या रणनीति बनाते हैं।